RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

हिमाचल लेजेंड क्रिकेट लीग में दो रोमांचक मुकाबले, राजेश ठाकुर और योगेश वर्मा के शतक चर्चा में रहे

शिमला, 13 मई 26 (RHNN) : शिमला के ऐतिहासिक भराड़ी मैदान में बुधवार को आयोजित हिमाचल लेजेंड क्रिकेट लीग के पांचवें दिन क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भरपूर दो मुकाबले देखने को मिले। बारिश के कारण पिछले दो दिन मैच नहीं हो पाए थे, लेकिन बुधवार को मैदान पर उतरे 50 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। खिलाड़ियों का जोश और फिटनेस युवाओं को भी मात देता नजर आया। पहला मुकाबला लेजेंड लेगेसी और लेजेंड ईगल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लेजेंड ईगल ने निर्धारित ओवरों में 189 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से योगेश वर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए मैच को रोमांचक बना दिया। जवाब में लेजेंड लेगेसी की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 190 रन का लक्ष्य महज 15.2 ओवर में हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लेजेंड लेगेसी की ओर से बृजेश शर्मा ने नाबाद 67 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया। वहीं प्रदीप सांवत ने मात्र 16 गेंदों में ताबड़तोड़ 45 रन बनाए, जबकि अनिलेश्वर ने 9 गेंदों पर नाबाद 23 रन जड़कर जीत को आसान बना दिया।पहले मैच के मैन ऑफ द मैच बृजेश शर्मा रहे। दिन का दूसरा मुकाबला लेजेंड हरिकेन्स और लेजेंड लाइन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लेजेंड हरिकेन्स ने 180 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। टीम की ओर से नरवीर ठाकुर ने 59 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लेजेंड लाइन की टीम के बल्लेबाज राजेश ठाकुर ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 112 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी दमदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने मुकाबला जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए राजेश ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। भराड़ी मैदान में आयोजित इस लीग को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उम्र के इस पड़ाव पर खिलाड़ियों का जज्बा और खेल भावना युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही है।

Related posts