शिमला, 17 मई 26 (RHNN) : शिमला चेस क्लब द्वारा न्यू शिमला में आयोजित शिमला चेस सीरीज़ – मई संस्करण का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के कुल 36 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता का संचालन सीनियर नेशनल आर्बिटर योगेश जोशी द्वारा किया गया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की फैकल्टी ऑफ लैंग्वेजेज की डीन प्रोफेसर नीलिमा कंवर उपस्थित रहीं। उन्होंने शिमला में शतरंज संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सिद्धार्थ वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि चिन्मय बिष्ट ने द्वितीय और नवोदित शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में सुहानी सूद ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया, जबकि सुषमा चंदेल द्वितीय और खुशबू तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में साढ़े सात वर्षीय अंकुश कुमार सबसे कम आयु के प्रतिभागी रहे, जिन्होंने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
आयोजकों ने क्रैक एकेडमी के प्रायोजन एवं ब्रिज़ी बाइट्स द्वारा जलपान व्यवस्था के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन समिति ने आर्बिटर योगेश जोशी सहित प्रीतिका भारद्वाज और गोलू के योगदान की सराहना की। शिमला चेस क्लब के संस्थापक विक्रम कंवर ने कहा कि इस सीरीज़ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएँ आयोजित करना नहीं, बल्कि शिमला और आसपास के क्षेत्रों में शतरंज के लिए नियमित प्रतिस्पर्धात्मक मंच तैयार करना है, जिससे खिलाड़ियों का दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मासिक प्रतियोगिताएँ आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अवसर मिल सके और शतरंज को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।

