शिमला, 20 जुलाई (rhnn) : भारत सरकार के निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को सशक्त बनाने के लिए नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय टुटू में स्टेशनरी और रिफ्रेशमेंट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के संस्थापक गुंजन मेहता की प्रेरणा से आयोजित कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों को कॉपियां और पेंसिल वितरित की गईं। इस दौरान बच्चों को नियमित अध्ययन करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने संस्था के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल की शिमला इकाई के अध्यक्ष अमित चौहान और महिला मोर्चा की महासचिव रचना को सम्मान चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के प्रयास बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ शिक्षा के प्रति उनकी रुचि को भी बढ़ावा देते हैं। संस्था ने भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्र में जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।

