शिमला,22 मई 26 (RHNN) : जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ‘स्पेशल सेल’ और पुलिस थाना संजौली की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संजौली चौक के पास नाकेबंदी के दौरान एक बुलेट सवार युवक को 26 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम अपराध रोकथाम और मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी हेतु लक्कड़ बाजार, संजौली और ढली के आसपास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि संजौली का रहने वाला रवि कुमार उर्फ बंटी क्षेत्र में चिट्टा बेचने का अवैध धंधा करता है और वह संजौली चौक के पास किसी को खेप सप्लाई करने आने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए संजौली चौक के समीप तुरंत नाकेबंदी कर दी। नाकेबंदी के दौरान जब एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया, तो चालक घबरा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रवि कुमार उर्फ बंटी (35 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय श्री मंहत राम शर्मा, निवासी संजौली, जिला शिमला के रूप में बताई। जब पुलिस टीम द्वारा उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 26 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस थाना संजौली में आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 34/2026 दिनांक 18.05.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (ND&PS Act) की धारा 21 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहां से लाया था और शिमला में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी छानबीन जारी है।

