शिमला,22 मई 26 (RHNN) : Sfi की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने गुरुवार को Himachal Pradesh University परिसर में फीस वृद्धि के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों ने प्रदर्शन में भाग लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एसएफआई ने परीक्षा शुल्क, छात्रावास शुल्क, पुनर्मूल्यांकन शुल्क और मरम्मत शुल्क में की गई बढ़ोतरी को छात्र विरोधी बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग उठाई।
संगठन के सचिव मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी वित्तीय विफलताओं और कुप्रबंधन का बोझ छात्रों पर डाल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे राज्य में, जहां अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण और किसान परिवारों से आते हैं, वहां फीस वृद्धि से उच्च शिक्षा गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों की पहुंच से दूर हो जाएगी। एसएफआई ने कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए शिक्षकों की नियुक्तियों और पदोन्नतियों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

