शिमला,29 मई 26 (RHNN) : केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकास (पीएम विकास) योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के 2420 युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास एवं उद्यमिता प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (एचपीसीईडी) को केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी (पीआईए) के रूप में चुना है। इस संबंध में शुक्रवार को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की निदेशक नेहा गिरी (आईएएस) और हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र की संयुक्त निदेशक (उद्योग) एवं कार्यकारी निदेशक श्रीमती दीपिका खत्री के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
योजना के तहत 1700 महिलाओं को महिला नेतृत्व एवं उद्यमिता घटक के अंतर्गत प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 720 अभ्यर्थियों को गैर-पारंपरिक घटक में शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार करना है। प्रतिभागियों को माउंटेन क्यूज़ीन, फैशन डिजाइनिंग, ब्यूटी थेरेपी, नेतृत्व विकास और बिजनेस मेंटरिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से लागू होगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
योजना के तहत प्रशिक्षण के अलावा प्रतिभागियों को मोबिलाइजेशन, प्रमाणन और हैंडहोल्डिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे प्रशिक्षित युवाओं और महिलाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और उन्हें स्वरोजगार शुरू करने में सहायता मिलेगी। संयुक्त निदेशक एवं कार्यकारी निदेशक दीपिका खत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकास योजना प्रदेश के युवाओं और महिलाओं के लिए कौशल विकास और उद्यमिता के नए अवसर लेकर आई है। उन्होंने कहा कि यह पहल रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी।

