RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

नेशनल टग ऑफ वॉर चैंपियनशिप में हिमाचल की बेटियों का दम, रजत पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

शिमला, 25 जून (rhnn) : राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नेशनल टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की स्थानीय बालिकाओं की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी की लहर है। चैंपियनशिप में टीम ने बेहतरीन तालमेल, मजबूत तकनीक और अदम्य जज्बे का परिचय देते हुए देश की कई मजबूत टीमों को कड़ी चुनौती दी। रोमांचक मुकाबलों के बाद टीम ने दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।

रजत पदक विजेता टीम में संवी रचैक, अवनी कलैत, आहाना साधमटा, वन्या चौहान, अलीश, आशी छाजटा, वैरिनिका, वनिका साधमटा, अंजलि और आस्तिका शामिल रहीं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की कोचिंग स्टाफ ने सराहना करते हुए कहा कि टीम की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों के अभिभावकों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए टीम को बधाई दी है। खिलाड़ियों की इस सफलता को प्रदेश में महिला खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
टग ऑफ वॉर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के महासचिव रमेश चौहान ने बताया कि खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ये खिलाड़ी प्रदेश को और बड़ी उपलब्धियां दिलाएंगी।

Related posts