शिमला, 01 जुलाई (rhnn) : रोटरी वर्ष 2025-26 की शुरुआत सेवा कार्यों के साथ करते हुए रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस ने बुधवार को कमला नेहरू अस्पताल में ‘प्रोजेक्ट अन्नपूर्णा’ के तहत जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को गर्म एवं पौष्टिक भोजन वितरित किया। क्लब ने इस सेवा कार्य के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और मानवता की सेवा का संदेश दिया। क्लब अध्यक्ष रोटेरियन हरप्रीत कौर सेम्बी ने बताया कि नए रोटरी वर्ष की शुरुआत सेवा के इस अभियान से करना क्लब के लिए एक संकल्प और प्रार्थना के समान है। उन्होंने कहा कि भोजन की प्रत्येक थाली केवल भोजन नहीं, बल्कि सम्मान, करुणा और यह विश्वास थी कि समाज का कोई भी व्यक्ति अकेला नहीं है। क्लब पूरे वर्ष सेवा, सहयोग और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
उन्होंने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र ‘सेवा ही सर्वोपरि’ है और इसी भावना के साथ वर्ष 2025-26 में विभिन्न सामाजिक एवं जनहित परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। इस अवसर पर रोटेरियन विपन गुप्ता, मीना शर्मा, सीमा शर्मा, राशि बांटा, सोनिया ब्रागटा, रितु शर्मा, भावना सूद, किरण सूद, अब्बू अरोड़ा, पूर्व अध्यक्ष सुरभि करोल, पूर्व अध्यक्ष पूजा गोयल, शिवानी कंवर तथा हरप्रीत सेम्बी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं संभावित सदस्य आस्था महाजन सूद और नेहा शर्मा ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर सेवा कार्य में सहयोग दिया।

