RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

महिला आरक्षण पर भाजपा का आक्रोश, कांग्रेस पर ‘70 करोड़ बहनों से विश्वासघात’ का आरोप

शिमला, 22 अप्रैल 26 (RHNN): महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत तेज हो गई है। संसद में बिल पास न होने के बाद भाजपा अब सड़कों पर उतरने की तैयारी में है। भाजपा महिला मोर्चा 23 अप्रैल को शिमला के चौड़ा मैदान में जनाक्रोश पदयात्रा आयोजित करेगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की बात कही जा रही है।

बुधवार को शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संसद में जो घटनाक्रम हुआ, उसने कांग्रेस की “महिला विरोधी मानसिकता” को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने “70 करोड़ बहनों की पीठ में छुरा घोंपने” का काम किया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष सत्र बुलाकर महिलाओं को सत्ता में भागीदारी देने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष ने इसे रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रस्तावित पदयात्रा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक होगी।

इस दौरान डॉ. बिंदल ने हिमाचल प्रदेश सरकार पर पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों को प्रभावित करने के भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की, जिस कारण चुनाव आयोग को राज्यपाल को विस्तृत रिपोर्ट भेजनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से पंचायतों और नगर निकायों के लिए आए वित्त आयोग के धन को भी प्रदेश सरकार ने अपने पास मंगवा लिया, जिससे विकास कार्य प्रभावित हुए। बिंदल ने कहा कि जनता आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी और भाजपा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है।

Related posts