शिमला, 22 अप्रैल 26 (RHNN): पृथ्वी दिवस के अवसर पर शिमला में विभिन्न स्तरों पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढली में इस दिन को उत्साहपूर्वक मनाते हुए चित्रकला प्रतियोगिता और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर सुंदर चित्र प्रस्तुत किए, वहीं प्रधानाचार्या सुशीला शक्तान ने छात्रों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया। प्रातःकालीन सभा में छात्रा स्नेहा ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर विचार साझा किए।
वहीं, सिमला कलेक्टिव द्वारा रिज मैदान स्थित गेयटी थिएटर के बाहर “शिमला विजन 2040” के तहत कार्यक्रम आयोजित
कर शहर को क्लाइमेट स्मार्ट बनाने के लिए लोगों से सुझाव लिए गए। इसमें वन संरक्षण, जल प्रबंधन, कूड़ा निस्तारण, परिवहन और शहरी विकास जैसे विषयों पर लोगों ने विजन बोर्ड और वीडियो के माध्यम से अपने विचार साझा किए।
सिमला कलेक्टिव ने बताया कि इन सुझावों के आधार पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी, जिसका उद्देश्य शिमला को भविष्य के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सतत् शहर बनाना है। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

