RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

तनावमुक्त जीवन और बेहतर चिकित्सकीय दक्षता के लिए खेल जरूरी : डॉ. योगेश भारद्वाज

शिमला, 06 जुलाई(rhnn) : तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच खेल और नियमित शारीरिक गतिविधियां न केवल मानसिक तनाव और चिंता को कम करती हैं, बल्कि चिकित्सकीय दक्षता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश सरकारी डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल, शिमला के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश भारद्वाज ने कॉलेज के स्पोर्ट्स डे के समापन अवसर पर विजेताओं को सम्मानित करते हुए कही। इंदिरा गांधी खेल परिसर, द मॉल शिमला में आयोजित स्पोर्ट्स डे में विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन के साथ अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

डॉ. योगेश भारद्वाज ने कहा कि दंत चिकित्सकों के लिए टेबल टेनिस और बैडमिंटन जैसे खेल विशेष रूप से लाभकारी हैं। इनसे हाथ-आंख का समन्वय, सूक्ष्म मोटर स्किल और एकाग्रता विकसित होती है, जो दंत चिकित्सा की जटिल क्लीनिकल प्रक्रियाओं में बेहद उपयोगी साबित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से खेलों को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन (बालिका वर्ग) में श्रेया प्रथम और अनु द्वितीय रहीं, जबकि बालक वर्ग में शाश्वत ने पहला और विशाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल (बालक वर्ग) में प्रथम वर्ष की टीम विजेता तथा द्वितीय वर्ष की टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में फाइनल ईयर टीम-1 ने खिताब जीता और फाइनल ईयर टीम-2 उपविजेता रही।

टेबल टेनिस (बालक एकल) में सुरिंदर विजेता तथा प्रतीक उपविजेता रहे। बालिका एकल वर्ग में चाहत ने पहला और श्रेया ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। संकाय वर्ग की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में डॉ. नरोत्तम घेज़टा विजेता और डॉ. रंजन गुप्ता उपविजेता रहे। इस अवसर पर डॉ. विनय भारद्वाज, डॉ. रंजन गुप्ता, डॉ. पारुल सिंघल, डॉ. नरोत्तम घेज़टा, डॉ. सुनीत करोल, डॉ. आशीष जस्टा सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Related posts