RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

रोटरी क्लब की पहल: कांडा जेल के बंदियों की आंखों की जांच, 45 को मिलेगा चश्मा

शिमला, 06 जुलाई(rhnn) : रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस की ओर से सोमवार को कांडा जेल में नेत्र जांच एवं दृष्टि परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पेशेवर रिफ्रैक्शनिस्ट की टीम ने बंदियों और जेल कर्मचारियों की आंखों की जांच की। शिविर के दौरान कुल 51 लोगों की जांच की गई, जिनमें 47 बंदी और चार जेल कर्मचारी शामिल रहे। जांच में 45 लोगों की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिन्हें बेहतर दृष्टि के लिए चश्मे की आवश्यकता है। रोटरी क्लब की सदस्य विजयलक्ष्मी सूद ने सभी जरूरतमंद लाभार्थियों के लिए चश्मों का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा की। क्लब ने उनके इस सहयोग को समाजसेवा की प्रेरणादायक मिसाल बताया।

क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है। उन्होंने जेल प्रशासन का शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही नेत्र विशेषज्ञों की टीम और सभी रोटरी सदस्यों के योगदान की भी सराहना की। इस अवसर पर रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस की अध्यक्ष हरप्रीत सेम्बी, मीना चंदेल, अंजू शर्मा, एडवोकेट ऋतु शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related posts