शिमला,02 जून 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल, शिमला में तम्बाकू निषेध पखवाड़े के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) योगेश भारद्वाज ने कहा कि तम्बाकू का सेवन मुख कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि तम्बाकू न केवल दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इसका असर पूरे शरीर के स्वास्थ्य पर पड़ता है।प्राचार्य डॉ. भारद्वाज ने कहा कि बढ़ती तम्बाकू सेवन की प्रवृत्ति चिंता का विषय है और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि डेंटल कॉलेज में संचालित टोबैको सेसेशन सेंटर के माध्यम से तम्बाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को काउंसलिंग और मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है, जिससे वे इस लत से मुक्त होकर स्वस्थ जीवन अपना सकें।
पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में तम्बाकू का सेवन करने वाले मरीजों को इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और तम्बाकू मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान लगभग 20 तम्बाकू प्रयोग करने वालो को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में डेंटल कॉलेज के विद्यार्थियों को भी टोबैको काउंसलिंग के महत्व के बारे में बताया गया। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे समाज में तम्बाकू के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ तम्बाकू छोड़ने की कोशिश कर रहे लोगों का सहयोग करें। इस अवसर पर पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार भारद्वाज, डॉ. शैली फोटेदार, डॉ. अरुण ठाकुर, डॉ. शैलजा वशिष्ठ, डॉ. अतुल सांख्यान और डॉ. पूनम महाजन सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

