शिमला,02 जून 26 (RHNN) : देहरादून में आयोजित होने वाली 5वीं राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए जिला शिमला के 35 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ी 3 जून को हिमाचल प्रदेश की टीम के साथ देहरादून के लिए रवाना होंगे। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 60 खिलाड़ी भाग लेंगे। जिला शिमला कराटे-डो एसोसिएशन के अनुसार खिलाड़ियों का चयन हिमाचल प्रदेश कराटे एसोसिएशन की ओर से किया गया है। टीम का नेतृत्व हिमाचल के मुख्य कोच भूप प्रताप सिंह पंवार करेंगे। चयनित खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से पहले विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।
सब जूनियर, कैडेट और जूनियर वर्ग में चयनित खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि शिमला के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और इस बार भी पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने का लक्ष्य लेकर देहरादून जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश कराटे एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पी.एस. पंवार और महासचिव दमन जम्वाल ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की आशा व्यक्त की है।

