शिमला, 20 जुलाई (rhnn) : राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय (सीओई) संजौली के बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र मोहित आनंद ने ‘वॉयस ऑफ चंडीगढ़’ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। 17 और 18 जुलाई को आयोजित इस प्रतियोगिता में 211 कॉलेजों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंजलि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना और नशे के दुष्प्रभावों के साथ-साथ इससे होने वाली सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक हानियों के प्रति जागरूकता फैलाना था। मोहित आनंद के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अगस्त में आयोजित होने वाली ‘वॉयस ऑफ इंडिया’ प्रतियोगिता के लिए भी किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में 455 कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे। मोहित की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षकों, परिवारजनों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

