सुंदरनगर/शिमला, 23 जुलाई (rhnn) : भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ की ओर से सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जमवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों, पूर्व अधिकारियों और प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर मंथन किया गया। राकेश जमवाल ने पूर्व कर्मचारियों को संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि प्रशासनिक अनुभव और समाज से निरंतर जुड़ाव के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ को केवल औपचारिक मंच तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे संगठन और समाज के बीच प्रभावी सेतु के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व कर्मचारी अपने अनुभव और सुझावों के माध्यम से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा सकते हैं। साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने में भी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। जमवाल ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों से किए वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कर्मचारी और पेंशनर वर्ग की जायज मांगों को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी। उन्होंने प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राज्य सह-संयोजक चेतराम, जिला सह-संयोजक चमन शर्मा, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

