RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

गुरु पूर्णिमा पर राधा स्वामी सत्संग भवन में उमड़ी श्रद्धा, के.पी. मसंद गुरु महाराज ने दिए आध्यात्मिक संदेश

शिमला, 30 जुलाई (rhnn) : राधा स्वामी सत्संग भवन, लक्कड़ बाजार, शिमला में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सत्संग में भाग लेकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान के.पी. मसंद गुरु महाराज ने प्रवचनों की अमृत वर्षा करते हुए गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोग भागदौड़ भरी जिंदगी में ईश्वर को याद करना भूलते जा रहे हैं, जबकि जीवन में आध्यात्मिकता और ईश्वर स्मरण से ही सच्ची शांति और संतुलन प्राप्त होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से प्रतिदिन भगवान का स्मरण करने और अच्छे कर्मों के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कार देने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग तेजी से नशे जैसी बुराइयों की ओर आकर्षित हो रहा है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को सही मार्गदर्शन दें और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखें। उन्होंने परिवारों से अपने घरों में पूजा स्थल पर धार्मिक ग्रंथ रखने और उनका नियमित अध्ययन करने की भी प्रेरणा दी। सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रवचनों का श्रवण किया और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे सत्संग भवन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरु पूर्णिमा के इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ समाज और परिवार के प्रति अपने दायित्वों का भी संदेश दिया।

Related posts