RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

महिला कांस्टेबल पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गोपी जैक्स के खिलाफ FIR दर्ज

शिमला, 31 जुलाई (rhnn) : जिला पुलिस शिमला ने महिला कांस्टेबल दीपिका ठाकुर के संबंध में कथित आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गोपी जैक्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, महिला कांस्टेबल दीपिका ठाकुर ने शुक्रवार को महिला पुलिस थाना, बी.सी.एस., शिमला में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गोपी जैक्स द्वारा आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उनके संबंध में सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। साथ ही उनके शारीरिक बनावट और वजन को लेकर भी टिप्पणी की गई, जिससे उनकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि उक्त प्रेस वार्ता का सोशल मीडिया पर व्यापक प्रसारण हुआ, जिसके कारण उन्हें मानसिक पीड़ा, अपमान और सामाजिक प्रतिष्ठा की क्षति का सामना करना पड़ा। शिकायत के अनुसार, एक महिला पुलिस कर्मचारी की व्यक्तिगत गरिमा को सार्वजनिक मंच पर आहत किया गया। जिला पुलिस शिमला ने बताया कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर महिला पुलिस थाना, बी.सी.एस., शिमला में गोपी जैक्स के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts