मंडी-09 अप्रैल (rhnn) : केंद्रीय खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा के धाड़ता क्षेत्र की पंचायत दारपा, चोलथरा, कोट व बधेड़ का एक दिवसीय दौरा किया। चोलथरा पंचायत में कार्यकर्ताा सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने देश के आम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की पुनः सरकार स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जो अभूतपूर्व है। वर्तमान की केंद्र सरकार ने राष्ट्र के आधारभूत ढांचे में विकास के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, देश की सुरक्षा व मिल्ट्री, पैरामिल्ट्री, खेलों और स्वच्छता को लेकर देश को सही दिशा में आगे बढ़ाते हुए विश्व के अग्रणी देशों में स्थापित किया है। देश के आधारभूत ढांचे को अधिक गति प्रदान करते हुए विकास के कई आयाम स्थापित किए है। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने मांगपत्र सौंपे। इस क्षेत्र के खेल मैदानों को निखारने के लिए बजट में प्रावधान करवाना, विद्यालयों की स्थिति सुधारना, राजकीय प्राथमिक पाठशाला चोलथरा के भवन व खेल मैदान की स्थिति को ठीक करने के लिए अनुदान व चोलथरा में प्रस्तावित आयुष अस्पताल की प्रक्रिया को आरंभ करने व इस क्षेत्र में एफएम केंद्र के खोलने बारे में आग्रह किया।
धर्मपुर के पूर्व विधायक और पूर्व जलशक्ति सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की चारों जनसभा से किनारा किए रखा। हालांकि महेंद्र सिंह धर्मपुर में ही थे। गौरतलब है कि लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और उनके सांसद बेटे अनुराग ठाकुर के साथ पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का 36 का आंकड़ा चला हुआ है। वहीं, पूर्व सैनिक लीग तथा पैरामलिट्री के पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याओं को लेकर मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में ओआरओपी को रिव्यू करना व पैरामिलिट्री के लिए कैंटीन और मेडिकल सुविधाएं आर्मी की तर्ज पर मुहैया करवाने की मांग की है। इस अवसर पर एडीसी निवेदिता नेगी, बीडीओ धर्मपुर डॉक्टर विवेक, जिला पार्षद वंदना गुलेरिया, पूर्व प्रत्याशी रजत ठाकुर, मंडल भाजपा उपाध्यक्ष कमलेश नेगी, सरोन पंचायत के प्रधान पवन कुमार, ग्राम पंचायत पपलोग के पूर्व प्रधान पवन बनयाल आदि मौजूद रहे।