शिमला, 31 अगस्त (rhnn) : राजधानी शिमला के ढली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 6.34 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को पुलिस थाना ढली की एक विशेष टीम गश्त और नशे के खात्मे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भट्टाकुफर से ढली टनल की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार के संबंध में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर उक्त कार को रोका गया और नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान जब पुलिस ने वाहन की बारीकी से जांच की, तो कार में बैठे एक व्यक्ति के पैरों के नीचे रखे फुटमैट के ठीक नीचे से एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच बरामद हुआ। पाउच की जांच करने पर उसमें 6.34 ग्राम हेरोइन/चिट्टा पाया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया। दुष्यंत वर्मा (आयु 25 वर्ष), पुत्र श्री कृष्ण चंद वर्मा, निवासी सुन्नी, जिला शिमला। अक्षय शर्मा (आयु 24 वर्ष), पुत्र श्री नरेश शर्मा, निवासी तहसील आनी, जिला कुल्लू। पुलिस थाना ढली में आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 84/2026, अधीन धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध नशे के नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है ताकि इसके मुख्य स्रोतों तक पहुंचा जा सके।

