RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जतोग में गूंजा जल बचाने का संकल्प

शिमला, 31 अगस्त (rhnn) : बढ़ते जल संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच स्कूली बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जतोग कैंट, टुटू में विशेष जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन SUEZ India और उसके एनजीओ पार्टनर हिमाचल प्रदेश ईशवास लोक कल्याण सोसायटी की ओर से किया गया। सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने पानी की बर्बादी रोकने तथा दूसरों को भी जल बचाने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम में SUEZ अधिकारियों ने विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित एसजेपीएनएल की 24×7 सतत दबावयुक्त जल वितरण परियोजना की जानकारी दी। बताया गया कि परियोजना के माध्यम से शिमला शहर में बेहतर, सुरक्षित और निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है। विद्यार्थियों को घर और विद्यालय में पानी की बचत के व्यावहारिक उपायों से भी अवगत कराया गया।

SUEZ के जनसंपर्क अधिकारी राहुल शर्मा ने जल शोधन और वितरण प्रणाली के साथ दैनिक जीवन में पानी की एक-एक बूंद के सदुपयोग के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, पूर्व सैन्य स्वास्थ्य सेवा अधिकारी मंजीत राणा ने स्वच्छता, जल संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसे भावी पीढ़ियों के लिए सहेजना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित गुप्ता ने विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए SUEZ इंडिया की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिमला में लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या के समाधान के लिए कंपनी का कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने शहरवासियों से भी जनहित से जुड़े इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में बच्चों को जल बचाने, स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

Related posts