शिमला, 22 मार्च 26 (RHNN) : अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर 133 ईको टास्क फोर्स की ओर से मंडी जिले के कुफरी, करसोग, ततापानी और औट क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का आयोजन स्थानीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, महिला मंडलों तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुन्नी के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान छात्रों, शिक्षकों, महिला मंडल की सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ-साथ इकाई के अधिकारियों, जेसीओ और जवानों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर प्रतीकात्मक वृक्षारोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों को वनों के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और सतत विकास में जंगलों की अहम भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण बेहद जरूरी है और इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा।
133 ईको टास्क फोर्स के इन प्रयासों के माध्यम से स्थानीय समुदाय को वन संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील भी की गई।

