शिमला, 08 अगस्त (rhnn) : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को नेरवा क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना नेरवा की टीम ने जमराड़ी बैरियर पर नाकाबंदी और वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार वाहन की तलाशी लेने पर 100-100 मिलीलीटर की पांच सीलबंद प्लास्टिक बोतलें बरामद हुईं, जिनमें बिना लेबल वाला प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप होने का संदेह है। मामले में रवि राणा उर्फ बंटी (26) निवासी नेरवा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 25 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। जांच में एक विधि-विरुद्ध बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

