RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

नशे के खिलाफ एसएसबी जवानों ने उठाया संकल्प, 75 से अधिक ने ली शपथ

शिमला, 18 अगस्त (rhnn) : शिमला दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कुसुम्पटी में मंगलवार को आयोजित एक दिवसीय मेडिटेशन शिविर में जवानों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। प्रजापति ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय पंथाघाटी की ओर से आयोजित शिविर में 75 से अधिक जवानों और प्रशिक्षुओं ने हिस्सा लिया। शिविर में बीके सुनीता और डॉ. रीतू ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और इसके शरीर पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में जवानों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। नशे से अपराध बढ़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

इस दौरान जवानों को तनाव कम करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने, एकाग्रता बढ़ाने और पेशेवर व पारिवारिक जीवन में संतुलन स्थापित करने के लिए मेडिटेशन के विभिन्न तरीके बताए गए। नशामुक्त भारत अभियान के तहत जवानों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। प्रशिक्षण केंद्र के कार्यवाहक कमान अधिकारी सहायक कमांडेंट संचार रविंद्र कुमार ने कहा कि ऐसे शिविर जवानों को तनाव और मानसिक दबाव से निपटने में मददगार साबित होते हैं। इस अवसर पर इंजीनियर यशपाल चौहान, निरीक्षक सामान्य राजेश कुशवाहा और मुख्य आरक्षी (संचार) मुकेश कुमार मौजूद रहे।

Related posts