शिमला,21 अगस्त (rhnn) : नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने जुब्बल में एक युवक को 78 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना जुब्बल की टीम 20 अगस्त को परहाट पुल के समीप एचपीपीसीएल डैम के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस टीम ने शक के आधार पर उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 78 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान मानस चौहान (21), पुत्र अत्तर सिंह, निवासी झगटन, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना जुब्बल में अभियोग संख्या 37/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार मामले में अफीम की आपूर्ति और आरोपी के संभावित संपर्कों सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

