RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

वरिष्ठ नागरिकों ने गीत-संगीत से मनाया दिवस, साइबर ठगी से बचाव के दिए टिप्स

शिमला, 22 अगस्त (rhnn) : वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ संजौली की ओर से विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक क्लब में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया और गीत, कविता सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव विजय सनोेरिया ने किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, ज्ञान और योगदान का समाज में विशेष महत्व है। संघ के अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके योगदान पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम में हेल्पएज इंडिया की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अपराधों से बचाव और स्मार्टफोन के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साइबर ठगी, संदिग्ध फोन कॉल, फर्जी संदेश और लिंक से सावधान रहने तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान सुरक्षा उपाय अपनाने के बारे में जागरूक किया गया। उपाध्यक्ष पी.आर. गुप्ता ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विभिन्न खेल और मनोरंजक गतिविधियां भी करवाई गईं, जिनमें सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल प्रतियोगिताओं का संचालन लता गुप्ता ने किया। अंत में सचिव विजय सनोेरिया ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया।

Related posts