RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

पदोन्नति के सीमित अवसरों से परेशान मेडिकल अधिकारी, मुख्यमंत्री के समक्ष उठी करियर प्रगति की मांग

शिमला, 23 अगस्त (rhnn) : चिकित्सा अधिकारियों के लिए पदोन्नति के सीमित अवसरों का मुद्दा अब सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया है। हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर चिकित्सा अधिकारियों के लिए सुनिश्चित करियर प्रगति योजना लागू करने की मांग की। एसोसिएशन ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में पदोन्नति के अवसर कम होने के कारण कई चिकित्सा अधिकारी वर्षों तक सेवाएं देने के बाद भी उसी पद से सेवानिवृत्त हो जाते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि चिकित्सा अधिकारी स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं, लेकिन पदोन्नति की सीमित संभावनाओं के कारण उनके सेवाकाल में करियर प्रगति प्रभावित होती है।

ऐसे में सुनिश्चित करियर प्रगति योजना लागू होने से अधिकारियों को सेवाकाल के विभिन्न चरणों में पदोन्नति और वित्तीय लाभ का अवसर मिल सकेगा। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मामले में जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. अंकुश ठाकुर, डॉ. विकास ठाकुर, डॉ. प्रवीण चौहान, डॉ. धीरज बंसल, डॉ. राहुल और डॉ. वैशाली शामिल रहे। एसोसिएशन ने कहा कि वह चिकित्सा अधिकारियों के सेवा संबंधी हितों के मुद्दे सरकार के समक्ष लगातार उठाती रहेगी।

Related posts