शिमला, 25 अगस्त (rhnn) : जुब्बल थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने पंजाब के शाहकोट से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है। नाबालिग के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना जुब्बल में 15 अगस्त को धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग संख्या 35/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश के लिए तत्काल अभियान शुरू किया। पुलिस ने उपलब्ध सुरागों के आधार पर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और कई स्थानों पर लगातार दबिश व तलाश अभियान चलाया। पुलिस के प्रयासों के बाद नाबालिग को शाहकोट, जिला जालंधर, पंजाब से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग घर पर बिना बताए अपनी सहेली के पास चली गई थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे सुरक्षित माता-पिता को सौंप दिया। मामले में आगामी जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
previous post

