शिमला, 31 अगस्त (rhnn) : राजकीय कन्या महाविद्यालय (आरकेएमवी) शिमला की छात्राओं ने स्पीति-सुमदो मैराथन में अपनी प्रतिभा और जज्बे का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए हैं। कठिन पहाड़ी परिस्थितियों में आयोजित मैराथन में कॉलेज की तीन छात्राओं ने अलग-अलग वर्गों में शानदार प्रदर्शन कर करीब एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि जीती। 21 किलोमीटर दौड़ के 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग में सुमन ने 1 घंटा 50 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। 10 किलोमीटर की डिफेंस कैटेगरी में विपाशा वर्मा ने 46 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
10 किलोमीटर ओपन कैटेगरी में आरकेएमवी की तेनजिन ने 50 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्हें 35 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। इस तरह तीनों छात्राओं ने कुल एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि अपने नाम की। एक ही प्रतियोगिता में आरकेएमवी की तीन छात्राओं का पदक जीतना महाविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने सुमन, विपाशा वर्मा और तेनजिन को बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं ने मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि इनकी सफलता अन्य छात्राओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

