शिमला, 01 सितंबर (rhnn) : चंडीगढ़ के निकट बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ सिटी के विकास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर विकास कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। खास बात यह है कि प्रस्तावित नए शहर में सरसा नदी के किनारे करीब नौ किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट भी विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम-चंडीगढ़ सिटी को आधुनिक, सुनियोजित और टिकाऊ शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। शहर में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को संतुलित और सतत विकास के लिए सभी संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सरसा नदी के किनारे रिवरफ्रंट विकसित करने के निर्देश दिए। इससे न केवल नए शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि लोगों को मनोरंजन और घूमने-फिरने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान भी मिलेंगे। सुक्खू ने हिम-चंडीगढ़ सिटी को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के बिना नए शहर की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती। प्रस्तावित शहर क्षेत्र की बढ़ती शहरी जरूरतों को पूरा करने के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा और राज्य के राजस्व में भी योगदान करेगा।बैठक में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, विधायक राम कुमार और अजय सोलंकी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

