RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

मुस्कान संभालेंगी जीसीए शिमला की छात्र नेतृत्व की कमान

शिमला, 06 अक्टूबर (rhnn) : राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज स्टूडेंट्स सेंट्रल एसोसिएशन (सीएससीए) की नई टीम ने मंगलवार को पद एवं कर्तव्यों की शपथ ली। समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। सीएससीए में मुस्कान ने अध्यक्ष, सुरभि शर्मा ने उपाध्यक्ष, निशा ने सचिव और ईशा ने सहसचिव पद की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा सीएससीए कार्यकारिणी के लिए नामांकित 11 सदस्यों ने भी पद एवं कर्तव्यों की शपथ ली। प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि छात्र प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल पद संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें छात्राओं के हितों के लिए सक्रियता से काम करना होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से महाविद्यालय की गरिमा, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सीएससीए जैसी छात्र संस्थाएं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व और सहभागिता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। छात्र प्रतिनिधि महाविद्यालय प्रशासन और छात्राओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी भूमिका निभाएं। समारोह में उपप्राचार्य डॉ. सुभाष काप्टा, डीएसडब्ल्यू संयोजक डॉ. सुरेंद्र शर्मा, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. कार्तिक मृत्युंजय सहित महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related posts