शिमला, 11 अक्टूबर (rhnn) : पढ़ाई के साथ कला, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की सीख विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को नई पहचान देती है। इसी का उदाहरण माउंट शिवालिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक समारोह में देखने को मिला। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोकनृत्य, समूह नृत्य और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय संस्कृति की झलक दिखाने के साथ सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों का संदेश भी दिया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंद्रभूषण बरोवालिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रशासक वसुंधरा शर्मा ने कहा कि वार्षिक समारोह बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर है। प्रधानाचार्य भारती शर्मा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

