शिमला-02 जुलाई (rhnn) : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार द्वारा खोले गए 1000 संस्थान बंद किए। चिकित्सालय चल रहे थे, डॉक्टर बैठा हुआ था पर सस्थान बंद कर दिए। तहसीलें, उपतहसीलें, पटवार सर्कल, एसडीएम के दफ्तर, एक्सईएन, एसडीओ, जेई के दफ्तर सब चल रहे थे। इस सरकार ने सब बंद कर दिए। आज 8 महीने हो गए हैं कांग्रेस सरकार ने आज तक इस बात का जवाब नहीं दिया की यह संस्थान क्यों बंद किए गए। वर्तमान कांग्रेस सरकार मुद्दों से भाग रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान सरकार के 8 महीने पूरे होने को है। प्रदेश की 22 लाख महिलाएं 1500 रूपये प्रति महीने मानदेय का इंतजार कर रही है। प्रदेश सरकार इस मुद्दे पर कोई जवाब नहीं दे रही है। किसान गोबर के ढेर लगा कर बैठा है। किसानों ने लाखों रुपए खर्च करके पशु खरीद लिए है, परंतु प्रदेश में दूध खरीदने के बारे में कोई पॉलिसी नहीं आई है। किसान ऋण के पैसे का ब्याज भर रहा है। दूध 40 रू प्रति लीटर बिक रहा है। इस दूध के खरीद की गारंटी कांग्रेस नेताओ ने 100 रू प्रति लीटर की दी थी।
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में पहली ही केबिनेट में हिमाचल के एक लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की गारंटी दी थी और हर साल एक लाख की गारंटी देते हुए 5 लाख नौकरियां देने की गारंटी चुनाव के समय दी थी। वर्तमान सरकार के एक साल पूरा होने को चंद समय बचा है, लेकिन अभी तक एक भी व्यक्ति को नौकरी नहीं मिली है। बल्कि हजारों लोग नौकरी से निकाले जा चुके हैं। कई विभागों में तो आउटसोर्स कर्मचारियों को सैलरी तक नहीं मिल रही है।
बिंदल ने कहा कि इसके अलावा कांग्रेस ने 7 अन्य गारंटियां भी दी है। भाजपा सुखविंदर सिंह सुक्खू से जानना चाहती है कि वह गारंटियां क्यों नहीं पूरा कर रहे और जनता को बरगला क्यों रहे हैं। आज तक प्रदेश की जनता यह पूछ रही है की यह संस्थान बंद क्यों किए।