शिमला 25 अगस्त 2025 (RHNN) : राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज शिमला जिला के मशोबरा ब्लॉक के सिपुर में हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी और वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान से आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर, राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त संदेश देते हुए देवदार का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर, राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश अपनी हरी-भरी घाटियों, बर्फ से ढकी चोटियों और नदियों के लिए विश्व प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में, राज्य ने भूस्खलन, अचानक बाढ़ और बादल फटने जैसी गंभीर प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया है।
उन्होंने कहा कि धरती पर घटित होने वाली प्राकृतिक आपदाएं हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने की तत्काल आवश्यकता की याद दिलाती हैं। वनों का अनियंत्रित कटान, जल संसाधनों का प्रदूषण और अनियोजित विकास के कारण पृथ्वी का संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत पौधरोपण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। यह एक जीवन रक्षक पहल है। राज्यपाल ने कहा कि पेड़ों की जड़ें मिट्टी को बांधे रखती हैं, जिससे मृदा कटाव रुकता है और भूस्खलन जैसी आपदाओं की आशंका कम हो जाती है। पेड़ पौधों वातावरण को शुद्ध करके स्वस्थ जीवन के लिए अनुकूल वातावरण बनाते हैं। वे तनाव को कम करने, मन को शांत रखने और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी सहायक हैं।