शिमला 02 अक्टूबर 2025 (RHNN) : राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर संत निरंकारी मिशन को उसकी निरंतर रक्तदान सेवाओं के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। एम्स, नई दिल्ली स्थित ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल की ओर से यह सम्मान संत निरंकारी मंडल के महासचिव सुखदेव को दिया गया। इस मौके पर मिशन के मेडिकल सर्विस कोऑर्डिनेटर डॉ. नरेश अरोड़ा भी मौजूद रहे। संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा — संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन — वर्षों से देश-विदेश में नियमित रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रही है। मिशन का उद्देश्य मानवता की निस्वार्थ सेवा है। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज और निरंकारी राजपिता रमित के मार्गदर्शन में मिशन लगातार समाज कल्याण में सक्रिय है।
सुखदेव ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने के साथ मानवता को सशक्त करता है। यह सेवा बाबा हरदेव सिंह के संदेश ‘रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए’ की प्रेरणा से शुरू हुई थी। सचिव जोगिंदर सुखीजा के अनुसार अब तक मिशन द्वारा करीब 14 लाख 50 हजार यूनिट रक्तदान किया जा चुका है। मिशन न केवल रक्तदान, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़ और भूकंप में भी राहत व पुनर्वास कार्यों में सक्रिय रहता है। इसके सेवाकार्य समाज में मानवता और समर्पण का संदेश फैलाते हैं।