शिमला, 27 अक्टूबर (RHNN) : राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पोर्टमोर की एनसीसी कैडेट्स ने एक बार फिर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आयोजित ऑल इंडिया रॉक क्लाइम्बिंग कैंप में विद्यालय की कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए।
एनसीसी अधिकारी तृप्ता शर्मा के नेतृत्व में टीम ने रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, रस्साकशी और नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय की छात्रा आकृति ने रॉक क्लाइम्बिंग में स्वर्ण पदक तथा रैपलिंग, रस्साकशी और नृत्य प्रतियोगिताओं में रजत पदक हासिल किए। वहीं अर्पिता शर्मा ने रॉक क्लाइम्बिंग और नृत्य प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा विद्यालय की छात्रा सायशा केप्रेट ने एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत मलोट (पंजाब) में आयोजित एनसीसी कैंप में भाग लेकर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का स्वर्ण पदक प्राप्त किया। उनके द्वारा प्रस्तुत नाटक को भी राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी पंडित ने सभी विजेता कैडेट्स और एनसीसी अधिकारी तृप्ता शर्मा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं ने प्रदेश और विद्यालय दोनों का गौरव बढ़ाया है। प्रधानाचार्या ने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विद्यालय स्टाफ ने भी कैडेट्स की सफलता पर गर्व व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

