शिमला , 01 दिसंबर 25 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू द्वारा कुल्लू से शिमला तक आयोजित 300 किलोमीटर का साइक्लिंग अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। दुर्गम हिमालयी मार्गों को पार करते हुए एनसीसी कैडेट्स जतोग कैंट, शिमला पहुंचे, जहां ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय शिमला ने फ्लैग-इन कर अभियान का समापन किया।
अभियान के दौरान कैडेट्स ने 16 स्कूलों और 5 कॉलेजों में लगभग 3,400 छात्रों को नशा-निवारण, फिटनेस, एयरो-मॉडलिंग और सशस्त्र बलों में करियर के अवसरों के प्रति जागरूक किया। टीम ने बंजार, जलोड़ी दर्रा, आनी, लुहरी, सैंज, कमरसीन, नारकंडा, मटियाना, संधू, चिखड़ और ठियोग जैसे कठिन पहाड़ी क्षेत्रों से होते हुए यात्रा की। 10,800 फीट ऊंचाई वाले जलोड़ी दर्रे को पार करना अभियान का सबसे चुनौतीपूर्ण चरण रहा। अभियान की विशेष उपलब्धि ग्रामीण स्कूलों में एयरो-मॉडलिंग और ड्रोन डेमो प्रस्तुत करना रहा। छात्रों को स्थिर विमान मॉडल, फ्लाइंग मॉडल एयरक्राफ्ट और ड्रोन संचालन के लाइव प्रदर्शन दिखाए गए, जिसने युवाओं में विमानन और तकनीकी करियर के प्रति उल्लेखनीय उत्साह जगाया।
अभियान के दौरान विकसित भारत अभियान से जुड़े विभिन्न लक्ष्यों—नशा-निवारण, स्वस्थ जीवनशैली, टीमवर्क, फिटनेस और सशस्त्र बलों में करियर मार्गदर्शन—पर भी विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विंग कमांडर कुनाल शर्मा ने छात्रों को एनडीए, सीडीएस, एएफसीएटी, अग्निवीर, एनसीसी स्पेशल एंट्री आदि परीक्षाओं की तैयारी और अनुशासन की भूमिका पर महत्वपूर्ण सत्र प्रदान किए। अभियान का नेतृत्व विंग कमांडर कुनाल शर्मा, फ्लाइंग ऑफिसर प्रो. निश्चल शर्मा तथा डॉ. हिमांग झरैक ने किया। सहायक स्टाफ में जे.डब्ल्यू.ओ. रहमान, सार्जेंट मुकेश, सार्जेंट रजनीश गुलेरिया, सार्जेंट मनदीप, जीसीआई पूजा, एएमआई रेशमा गुलशन नंदा और श्याम (होमगार्ड) शामिल रहे।

