शिमला, 24 दिसंबर 25 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को राजीव भवन शिमला में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार से मिला। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बैठक के दौरान अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने विभिन्न संगठनों की 18 सूत्रीय मांगों से प्रदेशाध्यक्ष को अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा पूर्व में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव एवं वित्त सचिव को ज्ञापन सौंपकर पेंशनर्स की लंबित मांगों को सरकार के समक्ष रखा जा चुका है।
प्रमुख मांगों में पेंशनर्स के लिए शीघ्र संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक आयोजित करना तथा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के मध्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संशोधित वित्तीय लाभ—कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी एवं 13 प्रतिशत डीए एरियर—का भुगतान शामिल है। भूप राम वर्मा ने कहा कि 1 फरवरी 2022 के बाद सेवानिवृत्त पेंशनर्स को ये लाभ मिल चुके हैं, जबकि इससे पूर्व सेवानिवृत्त पेंशनर्स को वंचित रखा गया है, जो उनके साथ भेदभाव है। इसके अतिरिक्त पिछले दो वर्षों से चिकित्सा बिलों का भुगतान न होने से पेंशनर्स में रोष व्याप्त है। प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सरकार से चर्चा कर सभी लंबित देनदारियों के समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया।

