RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़धर्म-संस्कृतिलोकमंच

मुख्यमंत्री ने दी राज्यपाल को नव वर्ष की शुभकामनाएं

शिमला, 01 जनवरी 26 (RHNN) : नव वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपनी धर्मपत्नी एवं देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर के साथ लोक भवन पहुंच कर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया तथा कमलेश ठाकुर ने लेडी गवर्नर को पारंपरिक हिमाचली शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और समग्र विकास की कामना की। राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक संजय अवस्थी ने भी राज्यपाल को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपनी धर्मपत्नी विधायक कमलेश ठाकुर के साथ शिमला के शोघी स्थित तारा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा नए धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मूलभूत सुविधाओं में सुधार पर सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन विरासत और आधुनिक विकास के बीच एक महत्त्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु प्रदेश के शक्तिपीठों में आध्यात्मिक शांति की खोज में आते हैं, जिससे स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलता है।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान राज्य ने तीन बड़ी चुनौतियों का सामना किया, जिनमें प्राकृतिक आपदा सबसे बड़ी रही। इसके अतिरिक्त, आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियां हमारे समक्ष रहीं। उन्होंने कहा कि दैवीय शक्ति के आशीर्वाद से और प्रदेशवासियों के सहयोग से सरकार ने इन सभी चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार किया है। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी और अनुराधा राणा, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर तथा ज़िला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts