शिमला, 15 जनवरी 26 (RHNN) : शिमला 15 जनवरी:भारतीय सेना ने वीरता, अनुशासन और बलिदान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वीरवार को अपना 78वां स्थापना दिवस पूरे देश में उत्साह और सम्मान के साथ मनाया। इसी कड़ी में शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सेना प्रशिक्षण कमान (एआरटीआरएसी) शिमला द्वारा ‘नो योर आर्मी’ मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरजीत सिंह ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं को सेना से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बताया।
सेना दिवस के अवसर पर आयोजित इस मेले में शस्त्र प्रदर्शनी, स्वास्थ्य जांच शिविर, सेल्फी प्वाइंट और सेना पाइप बैंड की आकर्षक प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेना के शौर्य, आधुनिक क्षमताओं और करियर अवसरों से परिचित करवाना तथा उन्हें देशसेवा के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरजीत सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति की भावना प्रबल होती है और उन्हें भारतीय सेना को नजदीक से जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित, सशक्त और मजबूत बन चुकी है। सेना ने अपनी क्षमता से यह सिद्ध किया है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है और आवश्यकता पड़ने पर रात को भी दिन में बदल सकती है।
कार्यक्रम में सेना प्रशिक्षण कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल सुकृति सिंह दहिया, एसएम, वीएसएम सहित सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में युवाओं और आम नागरिकों ने मेले में पहुंचकर भारतीय सेना की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी हासिल की।

