RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़युवात्मालोकमंच

धामी महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स को मिला आपदा प्रबंधन व जीवन-रक्षक प्रशिक्षण

शिमला, 18 जनवरी 26 (RHNN) : शिमला 18 जनवरी:राजकीय महाविद्यालय धामी के एनसीसी कैडेट्स ने आपदा प्रबंधन एवं जीवन-रक्षक कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त किया। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की 7 एचपी (आई) कंपनी शिमला द्वारा 8 से 17 जनवरी तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खलग में दस दिवसीय युवा आपदा मित्र योजना शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में महाविद्यालय धामी के कुल 19 कैडेट्स ने भाग लिया, जिनमें 10 सीनियर विंग और 9 सीनियर डिवीजन कैडेट्स शामिल रहे।7 एचपी (आई) कंपनी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रवीण ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर के दौरान कैडेट्स को आपदा तैयारी, आपातकालीन प्रतिक्रिया और सामुदायिक सहायता से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण मॉड्यूल में प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, खोज एवं बचाव तकनीक, आपातकालीन संचार और बेसिक लाइफ सपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। मॉक ड्रिल और अभ्यास सत्रों ने कैडेट्स के आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और सजगता को मजबूत किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुँवर दिनेश सिंह ने कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यह शिविर उनके लिए ज्ञानवर्धक और समाजोपयोगी सिद्ध होगा। एनसीसी इंचार्ज डॉ. नवीन ठाकुर ने बताया कि शिविर में अनुशासन, नेतृत्व, टीमवर्क और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे कैडेट्स समाज सेवा के लिए और अधिक सक्षम बन सके।

Related posts