शिमला, 22 जनवरी 26 (RHNN) : एडवांस्ड न्यूरो केयर के क्षेत्र में एक नया मानदंड स्थापित करते हुए फोर्टिस अस्पताल मोहाली ने क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक बाय-प्लेन न्यूरो कैथ लैब शुरू हो गई है। इस पहल के साथ फोर्टिस अस्पताल मोहाली दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत का पहला निजी अस्पताल बन गया है, जहां न्यूरो-इंटरवेंशनल प्रक्रियाओं के लिए इतनी उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।यह बाय-प्लेन न्यूरो कैथ लैब अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीक से सुसज्जित है, जिसमें दो एक्स-रे सिस्टम एक साथ काम करते हैं। इससे मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी की दो अलग-अलग कोणों से हाई-रिजॉल्यूशन इमेजिंग संभव हो पाती है, जिससे 3-डी इमेज के माध्यम से न्यूरोवैस्कुलर समस्याओं का अधिक सटीक निदान और प्रभावी उपचार किया जा सकता है। यह सुविधा विशेष रूप से स्ट्रोक, एन्यूरिज्म और अन्य जटिल न्यूरोलॉजिकल रोगों के इलाज में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
इस अत्याधुनिक लैब की स्थापना डॉ. प्रो. विवेक गुप्ता, एडिशनल डायरेक्टर, इंटरवेंशनल न्यूरोरेडियोलॉजी एवं डायरेक्टर, बाय-प्लेन न्यूरो कैथ लैब, फोर्टिस अस्पताल मोहाली की अगुवाई में की गई है। डॉ. विवेक गुप्ता ने शिमला में वीरवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि पारंपरिक कैथ लैब्स में एक समय में केवल एक ही इमेजिंग प्लेन उपलब्ध होता था, जिससे इलाज में देरी हो सकती थी, जबकि बाय-प्लेन तकनीक में सामने और साइड दोनों एंगल से एक साथ इमेजिंग संभव है। उन्होंने बताया कि इस नई प्रणाली में एडवांस्ड सॉफ्टवेयर की मदद से स्ट्रोक मरीजों को इमरजेंसी से सीधे कैथ लैब में लाकर तुरंत उपचार शुरू किया जा सकता है, जिससे बहुमूल्य समय की बचत होती है। यह सुविधा न्यूरोलॉजिकल आपात स्थितियों के इलाज में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी।

