शिमला, 24 जनवरी 26 (RHNN) : फागू क्षेत्र में भीषण बर्फबारी और बर्फीले तूफान के बीच हिमाचल पुलिस फरिश्ता बनकर सामने आई। जान जोखिम में डालकर पुलिस ने फंसी बसों और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए समय पर राहत पहुंचाई। बर्फबारी के चलते HRTC रोहडू–चामुण्डा बस नंबर HP10B-9478 फागू में फंस गई थी, जिसमें कुल 25 यात्री सवार थे। थाना ठियोग की सरकारी गाड़ी की मदद से 12 यात्रियों को रेस्क्यू कर ढली चौक तक सुरक्षित पहुंचाया गया, जबकि शेष 13 यात्रियों, एक राहगीर बुजुर्ग महिला तथा HRTC बस HP36F-2784 की एक सवारी को सुरक्षित निकालकर होटल एप्पल ब्लॉसम, फागू में ठहराया गया। यह व्यवस्था एसडीएम ठियोग के निर्देशों पर की गई।
इसी दौरान रोहडू–धर्मशाला बस नंबर HP68-6290 में सवार 6 यात्रियों को रेस्क्यू कर HPPWD विश्राम गृह फागू में ठहराया गया, जबकि अन्य 3 यात्रियों को सरकारी वाहन से ठियोग पहुंचाया गया। इसके अतिरिक्त रोहडू–चामुण्डा, जुब्बल–हरिद्वार, रोहडू–धर्मशाला और ठियोग–पठानकोट रूट की बसों के कुल 8 चालक व परिचालकों को भी होटल एप्पल ब्लॉसम फागू में सुरक्षित ठहराया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चौकी फागू के क्षेत्राधिकार में किसी अन्य बस या वाहन में कोई सवारी फंसी नहीं है, हालांकि NH-05 पूरी तरह से बाधित है। बर्फबारी के दौरान कानून व्यवस्था व रेस्क्यू ड्यूटी में कुल 43 लोगों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। पुलिस की रेस्क्यू व कानून व्यवस्था ड्यूटी निरंतर जारी है। बर्फीले कहर के बीच हिमाचल पुलिस ने मसीहा बनकर यह साबित कर दिया कि वर्दी सिर्फ कानून ही नहीं, बल्कि संकट में जीवन रक्षक भी होती है।

