शिमला, 27 जनवरी 26 (RHNN) : राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी, शिमला के प्रांगण में राज्य स्तरीय एनएसएस गणतंत्र दिवस परेड शिविर का भव्य समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। दस दिवसीय इस शिविर में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 100 एनएसएस स्वयंसेवकों—50 छात्र और 50 छात्राओं—ने भाग लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि निदेशक स्कूल शिक्षा हिमाचल प्रदेश आशीष कोहली रहे। उनके आगमन पर विद्यालय प्रशासन और एनएसएस स्वयंसेवकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें हिमाचल की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और संगीत की मनमोहक झलक देखने को मिली। प्रस्तुतियों ने दर्शकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि ने शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं की ऊर्जा, अनुशासन और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करने में एनएसएस जैसे संगठनों के योगदान पर विशेष जोर दिया।
समारोह में शिविर से जुड़े 10 रिसोर्स पर्सन, गाइड अध्यापक, विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार सोनी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि, अतिथिगण और सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने सभी स्वयंसेवकों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

