RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

मैदान में दिखी कॉलेज की एकजुटता, छात्रों संग शिक्षकों ने भी खींची रस्सी

शिमला, 31 अगस्त (rhnn) : राजकीय महाविद्यालय चायल-कोटी में राष्ट्रीय खेल दिवस का जश्न सिर्फ विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मैदान में शिक्षक भी छात्रों के साथ खेल भावना में नजर आए। शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय खेल समारोह में वॉलीबॉल और रस्साकशी प्रतियोगिताओं ने खूब रोमांच पैदा किया। मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने के साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

वॉलीबॉल मुकाबलों में बालकों और बालिकाओं की चार-चार टीमों ने भाग लिया। वहीं रस्साकशी में भी विद्यार्थियों की आठ टीमों के अलावा अध्यापकों की टीम ने मैदान में उतरकर खूब दमखम दिखाया। शिक्षक-छात्रों के बीच खेल भावना और उत्साह आयोजन का खास आकर्षण रहा। प्राचार्या डॉ. दीपशिखा भारद्वाज ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। समापन पर विजेता टीमों और प्रतिभागियों को बधाई दी गई।

Related posts