शिमला, 18 फरवरी 26 (RHNN) : शिमला स्थित पार्टी कार्यालय में डॉ. ओंकार शाद की अध्यक्षता में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की राज्य कमेटी की बैठक बुधवार को संपन्न हुई। केंद्रीय सचिवालय सदस्य विक्रम सिंह ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी का दृष्टिकोण रखा, जबकि राज्य सचिव संजय चौहान ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की।
संजय चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार की कथित मजदूर-किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ 24 मार्च को दिल्ली में होने वाली रैली में हिमाचल से एक हजार से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।
इसके लिए 9 से 19 मार्च तक प्रदेशभर में जत्था निकालने, नुक्कड़ नाटक करने और गांव-गांव अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। जत्था पांवटा साहिब से शुरू होकर रोहड़ू, रामपुर, कुल्लू, धर्मशाला, चंबा, ऊना, सोलन होते हुए शिमला में समाप्त होगा।
बैठक में मुक्त व्यापार समझौतों, लेबर कोड, बिजली विधेयक 2025, स्मार्ट मीटर, मनरेगा में कटौती और राजस्व घाटा ग्रांट बंद करने का विरोध किया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि इन नीतियों से किसान-बागवान, मजदूर, कर्मचारी, पेंशनर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी। जनजागरण अभियान के जरिए जनता को संगठित करने का आह्वान किया गया।

