शिमला, 18 फरवरी 26 (RHNN) : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) शिमला महानगर इकाई की ओर से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “महानगर खेलो कुम्भ” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. किमी सूद ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए अनुशासित और स्वस्थ युवा शक्ति आवश्यक है तथा खेल इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने परिषद के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्षशीलता को विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि खेलो भारत की राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवानी चौहान ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार हैं। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए परिषद के प्रयास को सराहनीय बताया।
खेलो कुम्भ के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने खेल भावना के साथ हिस्सा लिया।
विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को उनके प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में संगठित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। खेल, संस्कृति और शिक्षा के माध्यम से युवाओं का सर्वांगीण विकास परिषद का लक्ष्य है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगकर्ताओं का आभार जताया।

