सुंदरनगर/शिमला, 04 मार्च 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक गुरुवार को सुंदरनगर में समिति के चेयरमैन सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों से जुड़े कई वर्षों से लंबित मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।
बैठक में कहा गया कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को अभी तक संशोधित ग्रेच्युटी, कम्युटेशन और लीव इनकैशमेंट का लाभ नहीं मिला है। इसके अलावा छठे वेतन आयोग की बकाया राशि भी अभी तक जारी नहीं की गई है। पेंशनरों ने कहा कि पिछली सरकार ने केवल 50 हजार रुपये की एक किस्त जारी की थी, जबकि हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को यह भी नहीं मिल पाया। समिति ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों से पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भुगतान नहीं किया गया है, जबकि मुख्यमंत्री ने 17 दिसंबर 2025 को घुमारवीं में पेंशनर्स दिवस के अवसर पर एक माह के भीतर भुगतान का आश्वासन दिया था।
बैठक में एचआरटीसी पेंशनरों को हर माह की पहली तारीख को पेंशन देने, विद्युत बोर्ड के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और नगर निकाय पेंशनरों को संशोधित पेंशन देने की मांग भी उठाई गई। समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो 16 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और 30 मार्च को शिमला में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।

