शिमला, 14 मार्च 26 (RHNN): चायल-कोटी महाविद्यालय में शुक्रवार को तृतीय वर्ष के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. दीपशिखा भारद्वाज के सौजन्य से संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान बीए और बीकॉम प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्रों ने तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया।
समारोह में तनीषा को मिस फेयरवेल और अमन ठाकुर को मिस्टर फेयरवेल चुना गया। वहीं तनुज और अबिता को मिस्टर व मिस टैलेंटेड का खिताब मिला। मीनाक्षी को मिस ब्यूटीफुल और हर्ष भारद्वाज को मिस्टर हैंडसम चुना गया। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. दीपशिखा भारद्वाज ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने विदा हो रहे छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और अच्छे इंसान बनने के लिए प्रेरित किया। समारोह में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

