शिमला, 17 मार्च 26 (RHNN) : विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के चल रहे पखवाड़े के तहत हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद् की ओर से कालीबाड़ी मंदिर हॉल में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एस.पी. कटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने उपभोक्ता अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला परिवार की नींव होती है और यदि महिला शिक्षित व जागरूक होगी तो पूरा परिवार जागरूक बनेगा। परिषद् के अध्यक्ष जोगेंद्र कंवर ने बताया कि परिषद् वर्ष 1998 से विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर ऐसी कार्यशालाएं आयोजित करती आ रही है।
कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल और खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अनीता ठाकुर ने प्रदेश सरकार की उपभोक्ता हितैषी योजनाओं तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 की जानकारी दी। उन्होंने खरीददारी के समय बिल लेने और भ्रामक विज्ञापनों से बचने की सलाह दी। अंत में ‘जागो ग्राहक जागो’ के नारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

